अमर उजाला के ‘दोस्त पुलिस’ अभियान के तहत आचार्य नमि सागर जैन गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने शनिवार को सरधना कोतवाली का भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं को एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया, शिकायतकर्ता की पहचान की गोपनीयता और महिला सुरक्षा से जुड़े अधिकारों की जानकारी दी गई। सीओ आशुतोष कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई। महिला उपनिरीक्षक ज्योति सिंह ने साइबर ठगी और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया, जबकि महिला उपनिरीक्षक प्रतिभा ने महिला सुरक्षा के उपाय बताए। प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार मिश्रा ने कोतवाली के विभिन्न विभागों और उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी दी। छात्राओं ने पुलिसकर्मियों से सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।