मेरठ। भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व पदाधिकारी एवं सरधना बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अधिवक्ता कुलदीप त्यागी ने किठौर विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक शाहिद मंजूर और उनके परिजनों व रिश्तेदारों की संपत्तियों की सक्षम जांच एजेंसी से जांच कराने की मांग की है। सोमवार को उन्होंने अधिवक्ताओं के साथ तहसील पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम उदित नारायण सेंगर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कुलदीप त्यागी ने कहा कि शाहिद मंजूर वर्तमान में किठौर विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। वह पूर्व में प्रदेश सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। उन्होंने ज्ञापन में कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से शाहिद मंजूर और उनके परिजनों से संबंधित संपत्तियों को लेकर विभिन्न आरोप लगाए जा रहे हैं। इनमें जमीनों पर अवैध कब्जे कर संपत्ति अर्जित करने के आरोप भी शामिल हैं।