मथुरा में दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जयगुरुदेव मंदिर के समीप शनिवार सुबह सड़क हादसे में नगर निगम के सफाई कर्मचारी ओमप्रकाश की मौत के बाद मामला गरमा गया। हादसे के बाद परिजनों ने भरतपुर गेट चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे नगर निगम का सफाई कर्मचारी ओमप्रकाश हाईवे पर सफाई कार्य के लिए जा रहे थे। इसी दौरान जयगुरुदेव मंदिर के पास एक ट्रैक्टर ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन परिजन और साथी सफाई कर्मचारी नगर निगम के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। इसके बाद शव को भरतपुर गेट चौराहे पर रखकर जाम लगा दिया गया। दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक सफाईकर्मी और परिजन रोड पर शव रखकर हंगामा और मुआवजा की मांग करते रहे। इस बीच अधिकारियों ने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग नहीं माने। पांच घंटे में चार वार्ता के बाद 5:30 बजे परिजन शव लेकर घर के लिए निकले। जाम और हंगामे की सूचना पर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हंगामा के दौरान चार थानों का पुलिस बल मौजूद रहे।