मथुरा के कस्बा मांट में श्री आदर्श रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित रामलीला महोत्सव के तहत दशहरा से पूर्व मां काली की परंपरागत झांकी निकाली गई। झांकी के दर्शन के लिए जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। कस्बावासियों ने अपने घरों के दरवाजों पर मां काली की आरती उतारकर आशीर्वाद लिया। झांकी का शुभारंभ प्राचीन गोरा दाऊजी मंदिर से हुआ। यहां से झांकी गढ़ी, नगरा होते हुए नसीटी रोड, जाबरा रोड और वृंदावन रोड पहुंची। इसके बाद मुख्य बाजार, बस स्टैंड गली और जावरा रोड सहित मांट राजा के विभिन्न मोहल्लों में भ्रमण किया। झांकी के मार्ग में श्रद्धालुओं ने मां काली के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान कस्बे में धार्मिक उत्साह का माहौल रहा।