मथुरा के बरसाना में लाडली के जन्म की पावन बेला का इंतजार अब बस कुछ ही दिन का है। जिस घड़ी के साक्षी बनने को भक्तों की आंखें बरसाना की ओर लगी हैं, उस समय राधारानी के जयकारों से पूरा धाम गूंज उठेगा। उनकी एक झलक पाने के लिए देशभर से श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ेगा। इसी आस्था को देखते हुए शनिवार को डीएम चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने बरसाना पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण को लेकर दिशा-निर्देश दिए। बैठक में राधाष्टमी पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों पर चर्चा हुई। अधिकारियों से विभागवार व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। बैठक के बाद डीएम और एसएसपी ने बरसाना के प्रमुख मार्गों और श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। मौके पर व्यवस्थाएं देखने के साथ जहां जरूरत महसूस हुई, वहां सुधार के निर्देश दिए। डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और अपने दायित्व समय से पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रहे और उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो। ड्यूटी पर तैनात अधिकारी-कर्मचारी श्रद्धालुओं के साथ सादगी, विनम्रता और सहयोग की भावना से पेश आएं। एसएसपी श्लोक कुमार ने पुलिसकर्मियों को भीड़ वाले स्थानों पर मुस्तैदी और धैर्य के साथ ड्यूटी करने को कहा। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। किसी भी अफवाह, संदिग्ध गतिविधि या अव्यवस्था की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। राधाष्टमी पर लाडली के जन्म के मंगला दर्शन के लिए बरसानावासियों ने पास की व्यवस्था की मांग भी उठाई है। स्थानीय लोगों के अनुसार कस्बे के करीब 500 लोग रोजाना मंगला दर्शन के लिए मंदिर जाते हैं। मांग है कि इन्हें पास देकर रंगीली गली से प्रवेश कराया जाए और श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने से पहले करीब साढ़े तीन बजे मंदिर में प्रवेश दिया जाए। हालांकि, इस व्यवस्था पर अभी प्रशासन की ओर से अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।