छाता क्षेत्र की बंद पड़ी चीनी मिल को चालू कराने की मांग को लेकर भूतपूर्व सैनिक परिषद के बैनर तले चल रहा धरना-प्रदर्शन रविवार को और अधिक मुखर हो गया। आंदोलन के तहत हजारों की संख्या में किसान और क्षेत्रवासी रोष प्रकट करते हुए शुगर मिल परिसर पहुंचे। किसान हाथों में गन्ना लेकर पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान शासन के प्रति किसानों में गहरा आक्रोश दिखाई दिया। धरना स्थल पर संबोधित करते हुए कर्मयोगी सूबेदार ललित कुमार ने कहा कि अन्नदाता किसान और देश का जवान पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने आंदोलनकारियों से अनुशासन बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि हमें उग्र होने की आवश्यकता नहीं है। यदि हम अनुशासन के दायरे में रहकर अपनी मांगें उठाएंगे, तो प्रशासन भी हमारा कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा और हमारी आवाज शासन तक मजबूती से पहुंचेगी।