मथुरा जिले में खाद की उपलब्धता बढ़ाने के लिए गुरुवार को डीएपी और एनपीकेएस उर्वरक की 2731 मीट्रिक टन की रैक पहुंची। इसे किसानों की मांग के अनुसार 83 सहकारी समितियों और शेष निजी बिक्री केंद्रों पर भेजा जा रहा है। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता अभिषेक कुमार मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष अब तक पिछले साल की तुलना में 3000 मीट्रिक टन से अधिक डीएपी का वितरण किया जा चुका है। पीसीएफ के बफर गोदाम में फिलहाल 10,983 मीट्रिक टन यूरिया और 1,414 मीट्रिक टन फॉस्फेटिक उर्वरक उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर हर सप्ताह और आवश्यकता के अनुसार खाद का आवंटन किया जा रहा है। विभाग के अनुसार जिले में उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। किसानों से निर्धारित संस्तुत मात्रा के अनुसार ही खाद खरीदने की अपील की गई है।