मैनपुरी में शारदीय नवरात्र के आठवें दिन रविवार को मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की आराधना की गई। देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। शहर के प्राचीन मां शीतला देवी मंदिर, कालीमाता मंदिर, नगरकोट धाम, गमा देवी मंदिर, दुर्गा माता मंदिर सहित सभी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजन किया। मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। वहीं, देवी पंडालों और घरों में भी मां महागौरी का पूजन किया गया।