लखीमपुर खीरी के धौरहरा क्षेत्र के किसानों ने मंगलवार को केला बिचौलियों पर शोषण और जीएसटी चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। किसानों का आरोप है कि बिचौलिए उनसे 600 से 1000 रुपये प्रति क्विंटल केला खरीदते हैं। यही केला वे व्यापारियों को 2500 रुपये प्रति क्विंटल में बेचते हैं। इससे किसानों का शोषण हो रहा है और सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है। दलाल धौरहरा तहसील तिराहा, सिसैया चौराहा सहित कई गांवों में सक्रिय हैं। ये बिचौलिए व्यापारियों को सीधे किसानों तक पहुंचने से भी रोकते हैं। राजू शुक्ला, अलीम खान समेत कई किसानों ने उपजिलाधिकारी से बिचौलियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि इससे किसानों का शोषण रोका जा सकेगा।