लखीमपुर खीरी के ईसानगर थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी एक घर में सोमवार सुबह करीब नौ बजे चाय बनाते समय गैस सिलिंडर लीक होने से आग लग गई। जिससे गैस सिलिंडर फट गया। इससे गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। घर में रह रहे बुजुर्ग दंपती ने भागकर अपनी जान बचाई।
ईसानगर क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी राम जीवन (60 वर्ष) सुबह घर के बाहर बैठे थे। उनकी पत्नी कलावती घर के अंदर चाय बना रही थी। इसी दौरान वह ब्रेड लेने के लिए अलमारी खोलने लगी। कलावती के मुताबिक जब वह किचन की ओर गई तो देखा गैस सिलिंडर का पाइप लीक होने से लपटें निकल रही थीं। वह घर से बाहर भागी और शोर मचाने लगी। इसी बीच सिलिंडर फट गया।
देखते देखते घर सहित पूरी गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि बुजुर्ग दंपति की जान बच गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना दमकल और पुलिस को दी। सूचना पर पीआरवी पहुंची। तब तक ग्रामीणों ने आग पर किसी तरह काबू पा लिया। तहसीलदार आदित्य विशाल ने बताया लेखपाल को मौके पर भेजा है।