गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के कंजाखेड़ा गांव में शुक्रवार को दोपहर नशेबाज बेटे ने बुजुर्ग मां की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद भाग गया था। पुलिस ने शुक्रवार की शाम आजाद नगर कंजाखेड़ा गांव के मोड़ के पास से उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी मां नशेबाजी का अक्सर विरोध करती थी और रुपये मांगने पर भगा देती थी, इसलिए हत्या कर दी। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। कंजाखेड़ा गांव निवासी शांति देवी (75) शुक्रवार को दोपहर पड़ोस में देवर के घर के सामने बैठकर धूप सेंक रही थीं। तभी नशे में धुत उनका छोटा बेटा राजन उर्फ कल्लू आया और शराब पीने के लिए रुपये मांगे, इन्कार करने पर गालीगलौज करने लगा। विरोध करने पर पास पड़ी लोहे की रॉड से मां के सिर पर ताबड़तोड़ तीन वार कर लहूलुहान कर दिया। गंभीर रूप से घायल शांति देवी की मौके पर ही मौत हो गई थी। बड़े बेटे की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से चार टीमें बनाई गईं थीं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार की शाम आरोपी राजन उर्फ कल्लू को आजाद नगर कंजाखेड़ा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि वह नशे का आदी हो चुका है। अक्सर शराब पीने के लिए मां से रुपये मांगने को लेकर झगड़ा करता था। शुक्रवार को नशेबाजी में हत्या कर दी। कोतवाली पुलिस के अनुसार शांति देवी के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लोहे की रॉड लगने से सिर पर एक गंभीर चोट और बाएं कंधे में गहरी चोट मिली है।