नवीन गंगा पुल पर शनिवार को सुबह डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा। यातायात का दबाव बढ़ने पर जल्दी निकलने की होड़ में वाहनों को आड़ा-तिरछा कर निकालने से जाम लगा। देखते ही देखते पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सुबह के समय जाम लगने से नौकरी पेशा लोगों व छात्रों को ज्यादा परेशानी हुई। जानकारी मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर जाम खुलवाया। सुबह नौ बजे लगा जाम 10:30 बजे खुला। वहीं, दोपहर में पोनी रोड तिराहा और झंडा चौराहा पर बेतरतीब खड़े ई-रिक्शों के कारण एक घंटे तक जाम लगा रहा है। जाम की समस्या से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। शनिवार सुबह नौ से 10:30 बजे तक नवीन गंगा पुल पर जाम लगा रहा। सुबह वाहनों का लोड अधिक रहा जिससे लोग जल्दबाजी में वाहनों को आड़ा-तिरछा कर निकलने लगे, जिससे जाम लग गया। कोतवाली और यातायात पुलिस के पहुंचने पर जाम खुला। वहीं, दोपहर 12:30 से 1:30 बजे के बीच पोनी रोड तिराहा और झंडा चौराहा पर आड़े तिरछे खड़े ई-रिक्शा वालों के कारण जाम लग लग गया। कुछ दूरी पर एक लोडर भी खराब हो गया, जिससे पोनीरोड मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गईं।