बिरहर स्थित सुप्रसिद्ध मां भद्रकाली मंदिर परिसर में सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जहां एक ही मंडप में पांच जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाजों के साथ दांपत्य जीवन की नई शुरुआत की। पूरे मंदिर परिसर में शहनाई की गूंज और मांगलिक गीतों के बीच यह आयोजन सादगी और सामाजिक समरसता का प्रतीक बन गया। समारोह के दौरान विवाह की सभी रस्में विधि-विधान से संपन्न कराई गईं। पंडित विष्णु नारायण अवस्थी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ वर-वधू को सात फेरे दिलवाए और विवाह संस्कार पूर्ण कराया। आयोजन में शामिल परिजनों और स्थानीय लोगों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।