श्री भुवनेश्वर जीणोद्धार समिति की ओर से ई-ब्लॉक किदवईनगर स्थित श्री सांई धाम मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर नंदोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें मंगलवार को भजन संध्या हुई। कार्यक्रम में भजन गायक मुकुल बंधु ने हुआ हुआ रे जन्म देखो कन्हैया का..., मुझे रास आ गया है तेरे दर पर सर झुकाना... और गोविंद बोलो चाहे गोपाल बोलो... जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। भक्ति गीतों पर महिलाएं और पुरुष नाचते-झूमते नजर आए। वासुदेव जी की झांकी में कन्हैया को परिसर में लाए जाने पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा की और गुब्बारे, खिलौने, ट्रॉफी व बिस्किट बच्चों में बांटे। भक्तों ने जयकारे लगाकर खुशी जताई। अंत में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में कौशल किशोर गुप्ता, मिथलेश गुप्ता, संजू सोहने, सोनू गुप्ता, नवीन अग्रवाल, मीनू, साधना, सरिता, नरेश व गौरव गुप्ता आदि मौजूद रहे।