दामोदर नगर स्थित केसरी मंगलम लॉन में शनिवार को अधिवक्ता परिवारों के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में "मेधावी छात्र सम्मान समारोह" आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कानपुर बार एसोसिएशन एवं दि लायर्स एसोसिएशन के तत्वावधान में केसरी मंगलम परिवार द्वारा किया गया। समारोह में 75 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति जे.जे. मुनीर ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। आज के मेधावी विद्यार्थी भविष्य में समाज के लिए रोल मॉडल बन सकते हैं और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित कर सकते हैं। न्यायमूर्ति मुनीर ने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य पर निरंतर ध्यान केंद्रित रखने और निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और लक्ष्य प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम ही सबसे बड़ा मंत्र है।