नगर पालिका गंगाघाट में मंगलवार को जल निगम की कार्यदायी एजेंसी ने मुख्य पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया। अमृत भारत जल योजना के तहत पालिका परिसर में बनी पानी की टंकी को मुख्य पाइप लाइन से जोड़ा जाएगा। यहां 20 मीटर लंबी अप स्ट्रीम की पाइप लाइन डाली गई जबकि डाउन स्ट्रीम की 40 मीटर लंबी पाइप अभी और डाली जाएगी। जल निगम की ओर से योजना के तहत पालिका में कार्य कराया जा रहा है ताकि टंकी की मरम्मत के बाद नगर के वार्डों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति कराई जा सके। गंगा बैराज से संभरखेड़ा स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से पानी की आपूर्ति पालिका की टंकी में होगी। यहां पानी स्टोर कर वार्डों में आपूर्ति की जाएगी। एई सुनील कुमार ने बताया कि टंकी की मरम्मत का कार्य भी जारी है। अप व डाउन स्ट्रीम की भूमिगत पेयजल पाइप लाइन डालने का कार्य शुरू कराया गया है। पाइप लाइन डालने का कार्य सप्ताह भर में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद टंकी से लोगों को जलापूर्ति होगी।