भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) को साइबर हमलों से सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी अब आईआईटी कानपुर उठाएगा। इस संबंध में जल्द ही दोनों संस्थानों के बीच समझौता होने की उम्मीद है। इसके बाद आईआईटी कानपुर का सी3आई हब बीपीसीएल को साइबर सुरक्षा कवच उपलब्ध कराएगा। इसके लिए बीपीसीएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक संजय खन्ना ने संस्थान के सी3आई हब का दौरा किया। उनके साथ एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एवं कॉरपोरेट स्ट्रेटजी प्रमुख सेंथिलकुमार जीआर भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने हब में विकसित की जा रही साइबर सुरक्षा तकनीकों, स्टार्टअप और उद्योग केंद्रित नवाचारों की जानकारी ली। सी3आई हब के चीफ स्ट्रेटजी ऑफिसर आनंद हांडा ने पेट्रोलियम क्षेत्र के लिए विकसित किए जा रहे साइबर सुरक्षा टूल और तकनीकों की विस्तार से जानकारी दी। आईआईटी अधिकारियों के अनुसार डिजिटल होते ऊर्जा क्षेत्र में साइबर हमलों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। सी3आई हब पहले से पावर सेक्टर, औद्योगिक ऑटोमेशन, भारतीय पोर्ट एसोसिएशन और भिलाई स्टील प्लांट समेत कई संस्थानों को साइबर सुरक्षा उपलब्ध करा रहा है।