छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में बुधवार को होली मिलन समारोह हुआ। कुलपति आवास स्थित रोज गार्डेन में आयोजित कार्यक्रम में विवि के शिक्षक, छात्र, कर्मचारी शामिल हुए। गणेश वंदना के साथ शुरू हुई सांस्कृतिक संध्या में कई शानदार प्रस्तुतियां हुई। सचेंद्र की ओर से प्रस्तुत किए गए आज बिरज में होरी रे रसिया..., होली खेल रहे बांकेबिहारी... व होरी खेले रघुवीरा अवध में... गीतों ने लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम में मंच का संचालन स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट की छात्रा अनन्या शुक्ला और लॉ डिपार्टमेंट की छात्रा खुशी सिंह ने किया। इस दौरान कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक, आयुर्वेदाचार्य डॉ. वंदना पाठक ने छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों को होली की शुभकामनाएं दीं।