नगर के कई स्कूलों में बुधवार को होली उत्सव धूमधाम से मनाया गया। छात्रों और शिक्षकों ने फूलों की होली खेली। शिक्षकों ने छात्रों को पर्यावरण के बारे में जागरूक करते हुए होली के महत्व के बारे में बताया। छात्रों ने फूलों की होली खेली और पेड़ लगाओ पर्यावरण बचाओ का नारा लगाते हुए पौधरोपण की अपील की। कंचन नगर स्थित महर्षि दयानंद सरस्वती मिशन इंटर कॉलेज के प्रबंधक प्रभात शुक्ल व प्रधानाचार्य सुषमा श्रीवास्तव के नेतृत्व में छात्रों ने फूलों की होली खेली। साथ ही लोगों से पौधे लगाने की अपील की ताकि पर्यावरण संरक्षित रहे। छात्र विराट शुक्ला ने छात्रों को फूलों की होली खेलने पर जोर देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने की बात कही। वहीं, गांधी नगर स्थित ब्राइट कैरियर स्कूल में नन्हे-मुन्नों ने होली उत्सव पर्व मनाया। प्रधानाचार्य दिलीप सविता ने बताया कि रंगों के त्योहार को छात्रों ने धूमधाम से मनाया। आनंद नगर स्थित शिवम कान्वेंट स्कूल के में भी होली उत्सव मनाया गया।