भीम आर्मी भारत एकता मिशन के बैनर तले शनिवार को अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के लोगों ने प्रदर्शन किया। खरगपुर रोड से ककरा तिराहा तक निकाले गए पैदल मार्च के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा गया। ज्ञापन में यूजीसी 2026 बिल लागू किए जाने की मांग की गई है। खरगपुर में स्थित एक गेस्ट हाउस में शनिवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हुए। इसके बाद यह लोग ककरा तिराहा जाने के लिए निकले। इसमें शामिल लोगों के हाथों में जय भीम की तख्तियां थीं। इस दौरान यदुनंदनलाल वर्मा ने कहा कि समाज में शैक्षिक सुधारों के लिए यूजीसी 2026 बिल जरूरी है। उन्होंने एक देश एक शिक्षा नीति लागू करने की मांग भी की। रामसिंह यादव ने कहा कि यूजीसी बिल को लेकर अनुसूचित जाति और पिछड़े समाज के लोग जागरुक हैं। इस दौरान अवनीश कुमार वर्मा के नेतृत्व में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार राजेश कुमार पटेल को सौंपा गया। प्रदर्शन और ज्ञापन देने के दौरान डॉ. भीमराव आंबेडकर जन्मोत्सव सिमति की जिलाध्यक्ष जावित्री बौद्ध, प्रधान ओम प्रकाश गौतम, संजीव सिंह कुशवाहा, पंकज कश्यप, डब्बू सविता आदि मौजूद रहे।