कांग्रेस पिछड़ा वर्ग के जिलाध्यक्ष अर्जुन वर्मा ने सोमवार को छात्र-नौजवानों, गन्ना किसानों और श्रमिकों की समस्याओं के निदान के लिए जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। राज्यपाल को मांगपत्र भेजा। उन्होंने विश्वविद्यालयों और डिग्री कॉलेजों में लगातार बढ़ाई जा रही परीक्षा फीस पर रोक लगाने तथा छात्र-छात्राओं को राहत देने की मांग की गई है। इसके अलावा प्रयागराज के सोरांव तहसील के होलागढ़ विकासखंड स्थित सारी माधोपुर गांव में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा हटाए जाने पर नाराजगी जताई गई है। प्रतिमा को सम्मान के साथ पुनर्स्थापित कराने की मांग की गई है। बजाज चीनी मिल पर वर्ष 2025-26 के गन्ना मूल्य का बकाया भुगतान कराने व गन्ने का मूल्य 650 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग की गई है। प्रद्युम्न शुक्ला, पंकज गुप्ता, राधेश्याम वर्मा, बेबी मिश्रा, अजय कुमार रस्तोगी, मुंशीलाल सहित अन्य मौजूद रहे।