गोंडा: घर-घर तक मतदान का संदेश पहुंचाने के लिए बृहस्पतिवार को 25 विद्यालयों के करीब 2500 विद्यार्थी सड़कों पर उतरे। हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर निकले बच्चों ने अभिभावकों और आम लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील की। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर स्वीप कार्यक्रम के तहत शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज (टामसन) से जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी रमेश रंजन और पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली कॉलेज परिसर से शुरू होकर गुरुनानक चौक तक पहुंची। विद्यार्थियों ने लोगों से लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान में भागीदारी सुनिश्चित करने और अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने बताया कि विद्यार्थियों के माध्यम से परिवारों और समाज तक शत-प्रतिशत मतदान का संदेश पहुंचाना रैली का उद्देश्य है। इसमें श्री गांधी इंटर कॉलेज रेलवे कॉलोनी, बड़गांव, जीआईसी, जीजीआईसी और कस्तूरबा गांधी विद्यालय समेत 25 विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल हुए। उन्होंने बताया कि जनगणना के दूसरे चरण में स्वगणना का कार्य भी चल रहा है। लोगों को इसके प्रति जागरूक कर अधिक से अधिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान जीआईसी के प्रधानाचार्य डॉ. सुधीर पांडेय, शिक्षक नेता अजीत सिंह, विनय कुमार शुक्ला, राजकरन वर्मा और राजेश द्विवेदी मौजूद रहे।