आमजन की समस्याओं के समाधान और उन्हें कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए एक नवंबर को जनपद न्यायालय परिसर में मेगा विधिक सहायता सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में जिले के विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा। शिविर के नोडल अधिकारी एवं प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश शक्ति सिंह ने बताया कि शिविर में जनपद में कार्यरत सभी सरकारी विभागों की भागीदारी रहेगी। इसके तहत राजस्व, विद्युत, पुलिस, श्रम कल्याण, शिक्षा, समाज कल्याण, महिला एवं बाल कल्याण, दिव्यांग सशक्तिकरण, कृषि, नगर पालिका और परिवहन समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉल के माध्यम से लोगों को संबंधित सरकारी योजनाओं, सुविधाओं और कानूनी सहायता की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। शिविर के प्रचार-प्रसार के लिए चलाया जागरूकता अभियान विधिक सहायता शिविर की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया गया। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को शिविर में पहुंचने और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना है। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव बलराम प्रसाद भी मौजूद रहे।