पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस लाइन में स्थित शहीद स्मृति स्थल पर बुधवार को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही नागरिकों की सुरक्षा व राष्ट्र की अखंडता के लिए अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों को याद किया। एसपी ने पुलिस तथा पैरामिलिट्री फोर्स के विभिन्न जवान, जिन्होंने राष्ट्रसेवा के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी, उनकी वीरगाथा भी बताई। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर डाॅ. राकेश मिश्रा, एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर, सभी सर्किलों के क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।