टूंडला। थाना टूंडला पुलिस ने कस्बा स्थित श्री जी ज्वैलर्स की दुकान में हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शातिर आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। सीओ टूंडला अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि मुखबिर से सोमवार रात सूचना मिली थी कि जुलाई माह में हुई चोरी का सामान बेचने और नई वारदात को अंजाम देने के लिए कुछ बदमाश पुराने बाईपास गेल गैस प्लांट के पास खाली प्लॉट में मौजूद हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सरेंडर करने को कहा, जिस पर बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की ओर से चलाई गई गोली में सौदागर शेख निवासी मालदा, पश्चिम बंगाल घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथी गंगा उर्फ गौरव निवासी उडेसर, एका, हाल पता नगला समन थाना कोतवाली देहात जनपद एटा व अजीत कुमार निवासी नगला समन थाना कोतवाली देहात, एटा को भी मौके से दबोच लिया गया। मुख्य आरोपी सौदागर शेख पर पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, तेलंगाना और यूपी के विभिन्न थानों में डकैती, चोरी, पोक्सो एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, गंगा उर्फ गौरव और अजीत पर भी पूर्व में कई मामले पंजीकृत हैं। बदमाशों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, कारतूस, भारी मात्रा में चोरी के चांदी के आभूषण (मंगलसूत्र, पायल, मूर्तियां आदि), दो ऑक्सीजन सिलिंडर, गैस सिलिंडर, काटने का औजार जैसे सब्बल, छेनी, पेचकस, इलेक्ट्रिक तराजू और 10 हजार की नकदी बरामद हुई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ सिंह, एसएसआई मनोज कुमार, चौकी प्रभारी राजा का ताल अंकित कुमार, एसआई हर्षित कुमार, प्रशांत कुमार, विजय कुमार व अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।