धानापुर क्षेत्र के गुरैनी पंप कैनाल पर गंगा कटान रोकथाम की मांग को लेकर किसानों का धरना मंगलवार को 22वें दिन भी जारी रहा। इस बीच कटानरोधी कार्य के लिए मजदूरों ने स्थल पर काम शुरू कर दिया, लेकिन किसान कार्य की गुणवत्ता को लेकर संतुष्ट नहीं हैं। धरनारत किसानों ने आरोप लगाया कि गंगा कटान रोकने के लिए कराया जा रहा कार्य मानकों के अनुरूप नहीं है। इसी को लेकर किसानों ने मंगलवार को जिलाधिकारी चंदौली को पत्रक सौंपकर मौके का निरीक्षण करने तथा कराए जा रहे कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। किसान नेता नेतानाथ श्रीवास्तव ने बताया कि जिलाधिकारी को दिए गए पत्र में बंधी डिवीजन एवं लघु डाल के अधिकारियों की उदासीनता और लापरवाही का विस्तृत उल्लेख किया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। शाम को पुनः धरनास्थल पर पहुंचे किसान नेताओं ने कहा कि जब तक गंगा कटान की स्थायी एवं प्रभावी रोकथाम नहीं हो जाती और जिलाधिकारी स्वयं निरीक्षण कर संतोषजनक कार्य सुनिश्चित नहीं करा देते, तब तक किसानों का आंदोलन और धरना जारी रहेगा। धरने में शिवराज सिंह, रामदुलार, प्यारेलाल, मोहन, ध्यानचंद, राम सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।