मानसून से पहले संभावित आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से बृहस्पतिवार को लतीफशाह क्षेत्र में वृहद मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान बाढ़ और सड़क दुर्घटना जैसी आपात परिस्थितियों का सजीव प्रदर्शन कर विभिन्न विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वय क्षमता का परीक्षण किया गया। मॉक ड्रिल में स्वास्थ्य, राजस्व, पुलिस, सिंचाई, वन विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। अभ्यास के दौरान बाढ़ और सड़क दुर्घटना की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई, जिसके बाद संबंधित विभागों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। मॉक ड्रिल में उपजिलाधिकारी पवन कुमार यादव, तहसीलदार देवेंद्र कुमार यादव, कोतवाल अर्जुन सिंह, चंद्रप्रभा वन क्षेत्राधिकारी अखिलेश दुबे, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विकास सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने इसे मानसून पूर्व तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए भविष्य में भी ऐसे अभ्यास जारी रखने की बात कही।