पीडीडीयू नगर जिले में शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने सदर विकास खंड क्षेत्र के पांच विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इसमें अनियमितता पाए जाने पर चार विद्यालयों का नोटिस जारी किया। निरीक्षण के दौरान तपोवन विद्यालय, फोनिक्स स्कूल, इंडियन पब्लिक स्कूल और सूर्या जूनियर हाई स्कूल में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इन चारों विद्यालयों को केवल कक्षा 1 से 8 तक की मान्यता प्राप्त है, लेकिन यहां कक्षा 9 से लेकर 12 तक की कक्षाएं संचालित होती मिलीं। जांच के दौरान विद्यालय प्रबंधन संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। छात्रों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उनका नामांकन अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों में है, जबकि पढ़ाई इन अनधिकृत स्कूलों में कराई जा रही थी। बीएसए ने चारों विद्यालयों को कड़ी चेतावनी देते हुए तत्काल प्रभाव से केवल मान्यता प्राप्त कक्षाओं का ही संचालन करने का निर्देश दिया। वहीं आलोक इंटर कॉलेज में सभी व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप पाई गईं। विद्यालय को कक्षा 1 से 12 तक की मान्यता प्राप्त है और उसी के अनुरूप संचालन पाया गया।