नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती पराक्रम दिवस के अवसर पर शुक्रवार शाम बदायूं के सिटी मॉल में ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन हुआ। इस दौरान जिले की आपदा प्रबंधन व सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को परखा गया। सायरन बजते ही ब्लैकआउट हो गया व इलाके में सन्नाटा पसर गया। इस दौरान लोगों ने घरों व बाजार में दुकानों की लाइटें भी बंद कर दी। इस अभ्यास का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में त्वरित, समन्वित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा। मॉकड्रिल के दौरान जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह स्वयं मौके पर मौजूद रहे। उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी अग्निशमन सहित अनेक प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। शाम छह बजे सायरन बजते ही सिटी मॉल में पूर्ण ब्लैकआउट कराया गया। इसके बाद आग लगने व एयर रेड की काल्पनिक स्थिति उत्पन्न की गई। फायर सर्विस की टीम ने तत्काल पहुंचकर अग्निशमन उपकरणों से आग पर काबू पाया। घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया और एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेजने का अभ्यास किया गया।