बरेली में श्री राधा संकीर्तन मंडल ट्रस्ट की ओर से आयोजित सप्त दिवसीय संकीर्तन महोत्सव के तहत मंगलवार को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और बहन सुभद्रा जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। नगर भ्रमण के इस ऐतिहासिक दृश्य को देखकर नाथनगरी बरेली मानो स्वयं जगन्नाथपुरी में परिवर्तित हो गई। आस्था, भक्ति और उल्लास से ओतप्रोत इस शोभायात्रा ने शहरवासियों को सराबोर कर दिया। मंगलवार की सुबह श्री स्वामी जगन्नाथ मंदिर में महंत नीरज नयन दास व कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने विधि-विधान से भगवान जगन्नाथ का स्नान व महाभिषेक कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद मंदिर परिसर में संकीर्तन मंडल की ओर से भजन-कीर्तन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। दोपहर में निकली शोभायात्रा का शुभारंभ वन व पर्यावरण राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने आरती कर किया। शोभायात्रा मंदिर से प्रारंभ होकर आयुर्वेदिक कॉलेज, फर्नीचर मार्केट, सिकलापुर, नगर निगम होते हुए वापस मंदिर परिसर में विश्राम को पहुंची। शहरभर में जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्पवर्षा से स्वागत हुआ। श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर भगवान का आशीर्वाद लिया। भक्तों की आस्था इस कदर उमड़ी कि हर गली-कूचे में पुरी की झलक दिखी। रथों की साज-सज्जा, झांकियों की सुंदरता और भजनों की मधुरता ने माहौल को आध्यात्मिक बना दिया।