बरेली के सीबीगंज इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति 5.0 जागरूकता अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस विभाग की टीम ने छात्राओं को मिशन शक्ति के उद्देश्यों के बारे में विस्तार से बताया और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया। छात्राओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इसमें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076, वूमेन पावर हेल्पलाइन नंबर 1090, वीमेन हेल्पलाइन नंबर 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए एंबुलेंस हेल्पलाइन सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन सेवा 1098, अग्निशमन सेवा 101 और अन्य की जानकारी दी। कार्यक्रम के अगले चरण में, समाज में जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से सुबह 10 बजे थाना सीबीगंज की मिशन शक्ति टीम और नगर निगम की टीम के सहयोग से सीबीगंज इंटर कॉलेज की छात्राओं ने एक साइकिल रैली का आयोजन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य भानु प्रताप सिंह ने छात्राओं को हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली का शुभारंभ किया। इस दौरान देवेश कुमार, श्याम वीर, गंगा प्रसाद, महेंद्र पाल सिंह, मनोज कुमार रस्तोगी, सुधीर कुमार, रवि शर्मा आदि मौजूद रहे।