बलिया जिले के हल्दी थाना क्षेत्र के बबुआपुर गांव के पूर्व-दक्षिण स्थित बागीचे में मंगलवार की सुबह 16 वर्षीय किशोर का शव मिला। खेत में जा रहे ग्रामीणों की नजर पड़ी तो गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर थानाध्यक्ष राजू राय दलबल के साथ पहुंच गए। किशोर की शिनाख्त गांव के रितेश यादव उर्फ नागा के रूप हुई। उसके सिर में गंभीर चोट के निशान थे। मौके पर एएसपी कृपाशंकर व सीओ बैरिया फहीम कुरैसी ने पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।