रेवती नगर के बीज गोदाम के समीप रविवार की रात सब्जी बेचने को लेकर हुई मारपीट में मृत वार्ड नंबर 6 निवासी धनजी तुरहा का शव सोमवार की शाम को दरवाजे पर पहुंचते ही महिलाएं दहाड़ मार को रोने लगी। जिससे कुछ देर के लिए पूरा वातावरण गमगीन हो गया। मोहल्लावासी हत्या में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए आक्रोशित हो गए और शव को त्रिमुहानी सड़क पर रखकर धरने पर बैठ गए। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। आक्रोशित परिजनों ने कहा कि जबतक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होगी तब तक शव नहीं उठेगा। मौके पर सीओ बैरिया फहीम कुरेशी के नेतृत्व में थानाध्यक्ष बैरिया राजेन्द्र प्रताप सिंह, दोकटी प्रशांत चौधरी, चाईल्ड थाना के राजेश बहादुर सिंह आदि पहुंच गए। सीओ ने आक्रोशित परिजनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन सड़क पर बैठे परिजन उठने का नाम नहीं लिए। सीओ ने उन्हें बताया कि चार नामजद आरोपितों में दो महिलाओं मीना देवी तथा कुदुरनी देवी को गिरफ्तार किया गया है। शेष दो आरोपितों सुनील तुरहा तथा अमरनाथ साहनी की शीघ्र गिरफ्तारी कर ली जाएगी। पुलिस व समाजसेवी मांडलू सिंह के समझाने बुझाने पर आधा घंटे बाद धरना समाप्त हुआ। इस दौरान सुशील श्रीवास्तव, सभासद अजय वर्मा, प्रमोद उपाध्याय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।