आजमगढ़। भंवरनाथ मंदिर के पास कंधरापुर थाना क्षेत्र के देवखरी गांव में निर्माणाधीन खाटू श्याम मंदिर में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। मंदिर के गुंबद की छत की ढलाई के दौरान अचानक शटरिंग भरभराकर ढह गई। इसकी चपेट में आने से तीन मजदूर मलबे में दब गए। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने तीनों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने राजाराम राजभर (30) को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल कमलेश कुमार (23) को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि अरुण चौहान (35) को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। कंधरापुर थाना क्षेत्र के देवखरी गांव के समीप आजमगढ़-फैजाबाद मार्ग पर खाटू श्याम मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। सोमवार को मंदिर के गुंबद की छत की ढलाई का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक शटरिंग ढह गई। इससे वहां काम कर रहे तीन मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। रेस्क्यू टीम ने मलबे में दबे मुबारकपुर थाना क्षेत्र के काशीपुर गांव निवासी कमलेश कुमार और अरुण चौहान तथा कंधरापुर थाना क्षेत्र के असोना गांव निवासी राजाराम राजभर को बाहर निकाला।