आजमगढ़ शहर की यातायात व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिले के 16 प्रमुख चौराहों पर हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के जरिए संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और विभिन्न गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि सभी कैमरों की मॉनिटरिंग एसपी ट्रैफिक कंट्रोल रूम से 24×7 की जा रही है। कैमरों की मदद से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान करने में भी सहायता मिल रही है। उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख चौराहों को आधुनिक निगरानी प्रणाली से जोड़ दिया गया है। इससे अपराध की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के साथ यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की लगातार नजर है और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।