रिश्वत मामले में पकड़े गए लेखपाल उत्कर्ष दीप के समर्थन में शुक्रवार को जिलेभर के लेखपालों ने सदर तहसील परिसर में धरना दिया। उत्कर्ष दीप सोहावल तहसील के कैल पारा गांव में लेखपाल के पद पर तैनात थे। लेखपाल संघ ने आरोप लगाया कि उन्हें गलत तरीके से फंसाया गया है। संघ का दावा है कि फाइल में जबरदस्ती रुपये रखकर लेखपाल को दिए गए। संघ ने उत्कर्ष दीप के खिलाफ कार्रवाई वापस लेने और उन्हें ससम्मान सेवा में बहाल करने की मांग की। साथ ही जिले में लेखपालों के खिलाफ की गई अन्य कार्रवाई भी समाप्त करने की मांग उठाई। लेखपालों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा। गुरुवार को एंटी करप्शन टीम ने जमीन की पैमाइश के नाम पर 10 हजार रुपये रिश्वत लेते उत्कर्ष दीप को रंगे हाथ पकड़ा था।