अयोध्या में शारदीय नवरात्र के समापन पर दुर्गा प्रतिमाओं की शोभायात्रा और विसर्जन को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन सतर्क हो गया है। रविवार को उपजिलाधिकारी संतोष कुमार और सीओ दिनेश गोदारा के नेतृत्व में पुलिस ने बाइक से रूट मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने बीकापुर कस्बे के साथ काजीसराय, कोछा, चौरे बाजार, खजुरहट और जलालपुर माफी सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों को निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार शोभायात्रा निकालने तथा सुरक्षित तरीके से मूर्ति विसर्जन करने के निर्देश दिए गए। एसडीएम और सीओ ने बिसुही व तमसा नदी सहित अन्य स्थानों पर चिह्नित विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और विसर्जन कार्यक्रमों को सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया। रूट मार्च के दौरान कोतवाल देवेंद्र पांडे सहित बीकापुर कोतवाली पुलिस के जवान मौजूद रहे।