अयोध्या के तारुन में किशोरियों और महिलाओं के सम्मान व सुरक्षा को लेकर रविवार को तारुन और नंसा बाजार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। आरोही संस्थान और सहयोगी संस्था पानी संस्थान के संयुक्त अभियान ‘चुप्पी तोड़ेंगे, आवाज उठाएंगे-हिंसा के खिलाफ समाज को एकजुट बनाएंगे’ के तहत हुए कार्यक्रम में करीब 850 लोगों ने भाग लिया। इस दौरान लोगों ने छेड़खानी, यौन उत्पीड़न, शारीरिक व मानसिक हिंसा और भेदभाव के खिलाफ एकजुट होने का संकल्प लिया। किशोरियों ने हाथों में तख्तियां लेकर ‘डर में जीना जीवन नहीं, हर महिला को जीने का अधिकार है’ और ‘चुप्पी नहीं, शिकायत करें, सुरक्षा के लिए 112 डायल करें’ जैसे नारे लगाए। संस्था की ओर से लोगों को हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने और पीड़ित किशोरी या महिला को सहयोग देने की अपील की गई। साथ ही मिशन शक्ति के तहत 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 108 एंबुलेंस, 1930 साइबर क्राइम और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में आरोही संस्थान की अध्यक्ष शालिनी, उपाध्यक्ष पिंकी, सचिव मौसम, एकता, अंशिका, रूबी, नेहा, सरोज, शिम्पी, सृष्टि, सोनाली समेत सदस्य, पानी संस्थान से विक्रम, अखिलेश, उदय, वरिष्ठ कार्यकर्ता लीलावती, 97 एपीएल फेलो व पीयर लीडर्स मौजूद रहे। तारुन थाने की महिला उपनिरीक्षक ऐश्वर्या, कांस्टेबल आरती, विनोद गुप्ता समेत पुलिस टीम ने सहयोग किया। ग्राम प्रधान यादवपुर सुरेंद्र और उच्च प्राथमिक विद्यालय नंसा के शिक्षक प्रभात पांडेय भी मौजूद रहे।