अयोधया में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के बीच शनिवार को कुमारगंज में गपुरा उर्फ सुमेरपुर गांव में महुआ के पेड़ की भारी डाल अचानक मुख्य मार्ग पर जा गिरी। डाल की चपेट में आने से बिजली का खंभा और तार टूट गए। गनीमत रही कि घटना के समय मार्ग से कोई राहगीर या वाहन नहीं गुजर रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीण मोहम्मद शमीम ने बताया कि पिछले करीब दो दिनों से क्षेत्र में रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है। शनिवार को तेज हवाओं के बीच महुआ के पेड़ की भारी डाल टूटकर सड़क पर गिर गई। डाल के गिरने से विद्युत खंभा और तार भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। मुख्य मार्ग पर डाल गिरने से आवागमन भी प्रभावित हो गया है। सड़क के बीचोंबीच भारी डाल पड़ी होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों के मुताबिक घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। ग्रामीणों ने जल्द डाल हटवाकर मार्ग चालू कराने और बिजली व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है।