महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के हित में की गई घोषणाओं की सराहना की। उन्होंने हनुमानगढ़ी परिसर में पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 8,000 रुपये से बढ़ाकर 12,000 रुपये प्रतिमाह किया गया है। वहीं, आंगनबाड़ी सहायिकाओं का मानदेय 4,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये प्रतिमाह किया गया है। हालांकि, प्रभारी मंत्री ने अपने बयान में सहायिकाओं का मानदेय 6,000 रुपये से बढ़ाकर 8,000 रुपये करने की बात भी कही। इसके अलावा पांच लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा और एक अतिरिक्त साड़ी के लिए 500 रुपये की व्यवस्था की गई है। शाही ने कहा कि मुख्यमंत्री समाज के सभी वर्गों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। ये घोषणाएं अभिनंदनीय हैं।