अयोध्या में देवकाली बाईपास से रीडगंज ओवरब्रिज जाने वाले मार्ग पर करीब दो किलोमीटर लंबा फुटपाथ राहगीरों के लिए महज दिखावा बनकर रह गया है। दोनों तरफ फुटपाथ पर कहीं वाहनों का कब्जा है तो कहीं दुकानों के होर्डिंग और सामान ने रास्ता घेर रखा है। इससे पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ पर कदम रखने तक की जगह नहीं बची है। फुटपाथ खाली न मिलने से पैदल चलने वाले राहगीरों को मजबूरी में सड़क पर चलना पड़ रहा है। व्यस्त मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के बीच पैदल चलना किसी खतरे से कम नहीं है। आए दिन लोग चोटिल होते हैं, बावजूद इसके फुटपाथ को अतिक्रमण से मुक्त कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आती। स्थिति यह है कि जिस फुटपाथ का निर्माण लोगों को सुरक्षित रास्ता देने के लिए किया गया था, वही अब वाहनों की पार्किंग और दुकानों के प्रचार का ठिकाना बन गया है। सड़क पर बढ़ता दबाव जाम की समस्या को भी बढ़ा रहा है।