गजरौला पुलिस ने चौपला पर यातायात माह में प्रतिदिन लगे जाम से निजात दिलाने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। सड़क किनारे लगे ठेले और अवैध कब्जे को हटवाया। यातायात प्रभारी अनुज कुमार व चौकी इंचार्ज सुधीर कुमार के नेतृत्व में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। पुलिस ने हसनपुर रोड, धनौरा रोड, दिल्ली रोड से अतिक्रमण हटवाया। सड़क किनारे लगे ठेलों को हटवाया गया। दुकानदारों द्वारा किए गए अनधिकृत विस्तार व यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अवरोधों को हटवाया। इस दौरान हिदायत दी गई कि दोबारा अतिक्रमण करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।