वाराणसी से लखनऊ जा रही इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस पर मंगलवार रात अमेठी स्टेशन से पहले अज्ञात युवक ने पथराव कर दिया। पथराव में ट्रेन मैनेजर हरिकेश घायल हो गए। वह रायबरेली के रहने वाले हैं। घटना के बाद ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई। ट्रेन मैनेजर ने वॉकी-टॉकी के जरिये स्टेशन अधीक्षक और चालक को घटना की जानकारी दी। ट्रेन के अमेठी स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ ने घायल ट्रेन मैनेजर को सीएचसी अमेठी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्होंने जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज कराई।