अंबेडकरनगर जिले के प्रभारी मंत्री एवं सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के सपा पर लगातार हमलों के बीच टांडा से सपा विधायक राममूर्ति वर्मा ने उन पर पलटवार किया है। विधायक ने आरोप लगाया कि ओमप्रकाश सत्ता में रहते हुए अपने समाज के हितों के लिए काम करने के बजाय अपने और परिवार के निजी फायदे के लिए सौदा करते हैं। विधायक ने तंज कसते हुए कहा कि जनता अब काम का हिसाब मांग रही है, इसी डर से बार-बार अखिलेश यादव का नाम लेकर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है। मुख्यमंत्री भी राजभर को तवज्जो नहीं देते और वह दिल्ली के रहमोकरम पर हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में उनके पास कोई विधायक नहीं है और भविष्य में सदन में उनकी संख्या बचेगी या नहीं, यह समय बताएगा। राममूर्ति वर्मा ने सपा सरकार के कार्यकाल का हवाला देते हुए कहा कि गरीबों के लिए लोहिया आवास, कन्या विद्याधन और लैपटॉप जैसी योजनाएं चलाई गई थीं। इन योजनाओं से गरीब और वंचित वर्ग के लोगों को आगे बढ़ने का अवसर मिला था। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा समय में ऐसी सुविधाओं और अवसरों को छीन लिया गया है। विधायक ने कहा कि जब राजभर और उनकी पार्टी सरकार का हिस्सा हैं तो उन्हें अपने समाज के हितों के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि समाज के विकास के लिए सरकार से काम कराने के बजाय व्यक्तिगत लाभ के लिए सौदेबाजी क्यों की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता राजनीतिक बयानों के बजाय विकास और जनहित के कामों का हिसाब चाहती है।