आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज में सोमवार को मरीजों की भारी भीड़ रही। इससे हॉल ठसाठस भर गया। पर्चा बनवाने के लिए गेट के बाहर तक लाइन लग गई। धक्कामुक्की और मारामारी झेलनी पड़ी। 4-5 घंटे में मरीजों को इलाज मिल सका। ओपीडी हॉल सुबह 9 बजे से डेढ़ बजे तक हॉल ठसाठस भरा रहा। पर्चा, दवा और जांच के काउंटर पर लंबी लाइन लगी थी। पर्चे जल्दी बनवाने के लिए मरीज धक्कामुक्की करने लगे। इस पर गार्ड ने व्यवस्था संभाली। पर्चा, डॉक्टर को दिखाने और दवा लेने में मरीजों को घंटों लाइन में लगना पड़ा। प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि सामान्य दिनों के मुकाबले सोमवार को ओपीडी में डेढ़ गुना से अधिक मरीज आते हैं। सोमवार को 2563 पर्चे बने। मरीज की भीड़ देखते हुए ऑनलाइन पर्चा भी बनवाए गए। डॉक्टरों ने भी एक घंटे अतिरिक्त तीन बजे तक मरीज देखे हैं।