आगरा। दवा और हौसला... इन दो मंत्रों के सहारे हजारों मरीजों ने टीबी को मात दी। आगरा में बीते साल ऐसे 27 हजार मरीज पूरी तरह से ठीक होकर सामान्य जीवन बिता रहे हैं। इसी के बलबूते 47 और गांव टीबी मुक्त हो गए। दो साल में 133 गांवों से टीबी की छुट्टी हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने बीते साल घर-घर कर 7.51 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की। इसमें टीबी के 30,518 मरीज मिले। दवाएं, पौष्टिक भोजन और काउंसलिंग के असर से 27,159 मरीज पूरी तरह से ठीक हो गए। पहली बार इतनी तादाद में लोगों ने टीबी को हराया है। इससे 47 गांवों में अब टीबी का मरीज नहीं है। जिला क्षय रोग अधिकारी डाॅ. सुखेश गुप्ता ने बताया कि इनमें सात गांवों में बीते तीन साल से, 11 गांव में दो साल से और 29 गांव में बीते एक साल से टीबी का कोई मरीज नहीं मिला है। 2024 में 86 गांव टीबी मुक्त हुए थे। प्रदेश में आगरा टीबी चिह्नित करने में दूसरे और टीबी मुक्त गांवों के मामले में तीसरे स्थान पर है।