बसों में यात्रियों का सामान चोरी करने वाले गिरोह के छह सदस्यों को आगरा के थाना बसई अरेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कई माह से गिरोह को पकड़ने के लिए पुलिस के साथ सर्विलांस की टीम भी लगी थी।चोर गैंग के गिरोह को पकड़ने के लिए एसीपी पिनाहट वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस और सर्विलांस टीम लगाई गई थी। थाना प्रभारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि रविवार को मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली थी। अरनोटा वन विभाग कार्यालय के सामने बस से उतरने वाले छह लोगों को रोका गया, तो भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए सभी लोगों को पकड़ लिया। इनके पास से चोरी के आभूषण नकदी और आधार कार्ड मिले है। यह लोग बसों में यात्रियों का सामान चोरी करते थे। पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने अपने नाम माहिर हुन निवासी कोट भानासाना एका थाना फिरोजाबाद, अरसलान निवासी बीपीएल ग्राउंड नगला कोठी थाना रामगढ़ जिला फिरोजाबाद, वाहिद हुसैन अली निवासी कोटरा भदाना थाना एका जिला फिरोजाबाद, वकील निवासी हरदुआ थाना भोगनीपुर जिला कानपुर देहात, नाजिम निवासी गनीमत नगर मजरा शाहपुर थाना भोजपुर जिला मुरादाबाद, जाहिद निवासी गनीमत नगर मजरा शाहपुर थाना भोजपुर जिला मुरादाबाद बताया है। कई पुरानी घटनाओं को आरोपियों ने कबूला है।