ताजनगरी आगरा की बोदला जमीन का मामला बढ़ता ही जा रहा है। हर दिन नई बात सामने आ रही है। उच्च शिक्षामंत्री योगेंद्र उपाध्याय के आरोपों के बाद मंगलवार को भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर ने भी मोर्चा खोल दिया। उन्होंने कहा कि उनका जमीन से कोई लेना-देना नहीं है और न ही किसी भूमाफिया को जानते हैं। वह पीड़ित चौकीदार को फर्जी मुकदमे में जेल भेजे जाने की घटना की जानकारी होने पर उसके पास गए थे। उसे न्याय दिलाने के लिए पैरवी की। इसके अलावा उस जमीन से कोई ताल्लुक नहीं है। बोदला की जमीन पर कब्जे और फर्जी मुकदमे का मामला तूल पकड़ रहा है। विवाद में नाम उछलने के बाद सांसद राजकुमार चाहर लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि बोदला की जमीन को कब्जाने में किन लोगों की भूमिका है, कौन इसके पीछे है, इसकी मुझे कतई जानकारी नहीं थी। उनकी सहानुभूति उस पीड़ित चौकीदार रवि कुशवाह और उसके परिवार से है, जिसे निर्दोष होते हुए भी फर्जी मुकदमे लगाकर जेल भेज दिया गया। वह चौकीदार को भी नहीं जानते। क्योंकि उनके पिता खुद एमएसएमई में चौकीदार थे, इस नाते उस गरीब चौकीदार परिवार की मदद की।