आगरा के राम भक्त कलाकार ने अपने प्रभु के धाम के लिए उपहार स्वरूप एक अश्व भेजा है। कलाकार ने इसे कबाड़ से तैयार किया है। यह श्रीराम मंदिर की सजावट में प्रयोग किया जाएगा। मंगलवार को यह अश्व अयोध्याधाम के लिए रवाना किया गया है। इससे पहले इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। सादगी आर्ट के निदेशक व कलाकार कमल तोमर ने अयोध्या में राम मंदिर की सजावट के लिए 7.5 फीट के घोड़े की कलाकृति बनाई है। इसे तैयार करने में रवि, कमल तोमर व उनकी पूरी टीम को करीब 15 दिन लगे। मंगलवार को मूर्ति को अयोध्या के लिए रवाना कर दिया गया। कमल तोमर ने बताया कि उन्होंने कबाड़ से एक नाचते मोर की कलाकृति भेजी थी जो अयोध्या रेलवे स्टेशन पर स्थापित की गई है।