आगरा के बाह न्यायालय में चल रहे वाद के निपटारे के बहाने फोन कॉल कर बुलाए युवक की बर्बर पिटाई से शरीर पर नीले निशान देख पुलिस ने पत्नी समेत 6 ससुरालियों पर प्राथमिकी दर्ज की है। नगला खंगर फिरोजाबाद के संजीव उर्फ मंडे की ओर से बाह थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी के मुताबिक, पत्नी शिवानी और उसका आगरा के न्यायालय में वाद चल रहा है। 26 अगस्त को शिवानी ने फोन कॉल पर राजीनामा करने के बहाने 35 हजार रुपये, सोने की एक जंजीर, दो अंगूठी एवं न्यायालय के कागज लाने की मांग रखी। 27 अगस्त की शाम 4 बजे वह ससुराल बटेश्वर पहुंचा। पहले से घात लगाए बैठे पत्नी शिवानी, ससुर टिंकू, सास मीरा, साले शिवा, आकाश, आकाश की पत्नी ने मिलकर लाठी, डंडे, सरिया से हमला कर दिया। मारपीट से पूरे शरीर पर नीले निशान बन गए। दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हो गया है। हमलावरों ने नकदी, आभूषण, कागज, मोबाइल और बाइक छीन ली। बाह पुलिस के मुताबिक संजीव उर्फ मंडे की तहरीर पर ससुर टिंकू, सास मीरा, साले आकाश, शिवा, पत्नी शिवानी, साले की पत्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।